डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) की बीटेक अंतिम वर्ष की परीक्षाएं 1 सितम्बर से होंगी। परीक्षाएं ऑफलाइन मोड में बहु विकल्पीय प्रश्नों 'एमसीक्यू प्रणाली' पर आधारित होंगी और स्वकेन्द्रों पर होंगी। इसके लिए 560 केन्द्र बनाए जाएंगे। नोएडा, आगरा, गाजियाबाद समेत जिन जिलों में अधिक कॉलेज हैं, वहां 10-15 नोडल सेंटर बनाए जाएंगे।
इसके अलावा बीटेक समेत अन्य विषयों के प्रथम, द्वितीय व तृतीय वर्ष में प्रोन्नत होने वाले छात्रों के अंकपत्र जुलाई के अंत तक जारी कर दिए जाएंगे। ये निर्णय सोमवार को कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक की अध्यक्षता में आयोजित विद्या परिषद की बैठक में लिए गए। वहीं, देर शाम एकेटीयू ने बीटेक अंतिम वर्ष के छात्रों का परीक्षा शिड्यूल वेबसाइट पर अपलोड कर दिया।
परीक्षा छूटी तो दोबारा मिलेगा मौका: प्रवक्ता आशीष मिश्र ने बताया कि अंतिम वर्ष के छात्रों की परीक्षा ऑफलाइन मोड में आयोजित कराई जाएगी। परीक्षा के लिए 560 स्वकेन्द्र बनाए गए हैं। जहां करीब 60 हजार छात्र-छात्राएं परीक्षाएं देंगे। परीक्षा बहुविकल्पीय प्रणाली पर होगी। छात्रों को 2 घंटे में 70 सवालों के जवाब देने होंगे। अंतिम वर्ष के छात्रों के साथ कैरीओवर व बैकपेपर परीक्षाओं का आयोजन भी कराया जाएगा। कोई छात्र किसी वजह से परीक्षा देने से चूक जाता है तो उसकी परीक्षा बाद में कराई जाएगी। कोई छात्र तकनीकी प्रोजेक्ट के अंतिम मूल्यांकन में भाग नहीं ले पाता तो उसे वाइवा देने का एक और अवसर दिया जाएगा। इसके बाद भी छात्र किसी वजह से वाइवा नहीं दे पाते तो संस्थान खुलने के बाद प्रोजेक्ट वाइवा का मूल्यांकन किया जाएगा। साथ ही एमटेक/एमफार्म /एमआर्क के अंतिम वर्ष के छात्रों की अंतिम शोध प्रबंध परीक्षा ऑनलाइन होगी।
यूजीसी गाइडलाइन के अनुसार मिलेगी प्रोन्नति
प्रथम, द्वितीय व तृतीय वर्ष के छात्रों को यूजीसी गाइडलाइन के हिसाब से 70/30 के वेटेज के साथ प्रमोट किया जाएगा। 30 प्रतिशत अंक इंटरनल परीक्षा के और 70 प्रतिशत पूर्व की परीक्षा के अंकों के होंगे। छात्रों को अपने आंतरिक अंक एकेटीयू वेबसाइट पर अपलोड करने होंगे। जिनकी पिछले समेस्टर में कैरी ओवर है, उनके अंतिम परिणाम रोके जाएंगे व कैरी ओवर पेपर के परिणाम घोषित होने के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। अगर कोई छात्र अपने प्रोन्नत ग्रेड से संतुष्ट नहीं होता तो वह अगले सत्र की परीक्षा में दे सकेगा। ऑनलाइन परीक्षा के दौरान एमटेक छात्रों को कनेक्टिविटी या नेटवर्क की समस्या आने पर दोबारा मौका दिया जाएगा।

No comments:
Post a Comment