छात्रों के नए सत्र की शुरुआत होने से पहले डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। एकेटीयू ने इंजीनियरिंग की सभी विधाओं का सिलेबस ऑनलाइन अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है। ऐसे में छात्र ऑनलाइन जाकर अपना सिलेबस जांच कर पढ़ाई शुरू कर सकेंगे। इसके अलावा एकेटीयू ने छात्रों के लिए कोर्स से जुड़े हिन्दी व अंग्रेजी में वीडियो लेक्चर तैयार किए हैं, जो छात्रों की पढ़ाई में मदद करेंगे।
एकेटीयू के अनुसार बीटेक में मैकेनिकल, कंप्यूटर साइंस, सिविल और इलेक्ट्रिकल समेत 9 विधाएं हैं। इन सभी विधाओं में 28 एलाइंड ब्रांच होती हैं। मसलन इस साल कंप्यूटर साइंस में 4 ब्रांच हैं, इस साल एक ब्रांच नई जोड़ी गई है। इसी तरह एमबीए कोर्स में दो नई ब्रांचों को जोड़ा है। जो नए सत्र से छात्रों को पढ़ाई जाएगी। इसके अलावा बीएफए, एमसीए, बीफेड, बीफार्मा कोर्स का सिलेबस ऑनलाइन अपलोड कर दिया है। आगरा इंजीनियरिंग कॉलेज के मीडिया प्रभारी इंजी. अनुज पाराशर ने बताया कि जिस तरह से आईआईटी अपने मूक्स कोर्स के वीडियो लेक्चर अपलोड करता है। उसी तरह से एकेटीयू ने अपने आधुनिक स्टूडियो में छात्रों की सहूलियत के लिए हिन्दी व अंग्रेजी में कोर्स से जुड़े वीडियो अपलोड किए हैं। इससे छात्रों को ऑनलाइन पढ़ाई में मदद मिलेगी।
ई-कंसोर्टियम पर मिलेंगी किताबेंइंजीनियरिंग की किताबों के लिए भी छात्रों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। कोर्स से जुड़ी सभी किताबें एकेटीयू के ऑनलाइन ई-कंसोर्टियम पर मौजूद हैं। इसका लॉगिन पासवर्ड मेल के जरिए सभी छात्रों को पहले ही भेजा जा चुका है। ई-कंसोर्टियम पर छात्रों के पढ़ने के लिए 10 हजार किताबें व अन्तर्राष्ट्रीय जर्नल्स मौजूद हैं।


No comments:
Post a Comment